कुटरा स्कूल में व्याख्याता संगीता सिंह को दी गई भावभीनी विदाई, नए पदस्थापना स्थल के लिए दी शुभकामनाएं

जांजगीर चांपा/कुटरा। राम सरकार पांडेय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुटरा में व्याख्याता संगीता सिंह के सम्मान में विदाई एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। स्थानांतरण नीति के तहत संगीता सिंह का स्थानांतरण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टानी, जांजगीर में हुआ है। नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद विद्यालय पहुंचने पर स्टाफ ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता कमल किशोर कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में विद्यालय परिवार की ओर से संगीता सिंह को उपहार एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत विभाग के व्याख्याता अवधेश शर्मा ने किया।
वरिष्ठ व्याख्याता कमल किशोर कौशिक ने संगीता सिंह को नए पदस्थल के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। रसायन शास्त्र के व्याख्याता मकरम कमलाकर ने उनके अध्यापन कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे नए विद्यालय में भी विद्यार्थियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाएंगी।
राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता अनुराग तिवारी ने कहा कि वर्ष 2019-20 में विद्यालय में आगमन के बाद से संगीता सिंह ने निरंतर कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य किया और विभिन्न चुनौतियों के बीच विद्यार्थियों को सरल एवं सहज तरीके से शिक्षा देने का प्रयास किया। संस्कृत व्याख्याता अवधेश शर्मा ने भी उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने विदाई उद्बोधन में संगीता सिंह ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विद्यालय से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा और छात्रहित में कार्य करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने विद्यालय के कर्मचारियों की संघर्ष क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि वे विद्यालय से जुड़ी यादों को हमेशा संजोकर रखेंगी।
समारोह में उमेश कुमार चौबे, महावीर बिजरसन, शैलेंद्र तिवारी, दीनानाथ उपाध्याय, काजल कहर, चंद्रावती रात्रि, अनीता रोशन सहित विद्यालय के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संगीता सिंह को नई पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




