Chhattisgarh

किशोर कुमार जयंती पर सजी सुरों की महफिल, ‘ये शाम मस्तानी’ में गूंजे सदाबहार नगमे

कोरबा, 7 अगस्त। महान पार्श्वगायक स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर सरगम म्यूजिकल ग्रुप के तत्वावधान में शुक्रवार को साहित्य भवन, कोरबा में “ये शाम मस्तानी – एक शाम किशोर के नाम” संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। शाम 6 बजे से देर रात तक चले इस कार्यक्रम में किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निर्विरोध निर्वाचित पार्षद नरेंद्र देवांगन थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में साहित्य भवन के अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री हेमलता शर्मा तथा जिला परियोजना अधिकारी ज्योति शर्मा उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि नरेंद्र देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि संगीत जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आनंद का संचार करता है। संगीत से जुड़े लोग सदैव प्रसन्नचित्त रहते हैं, इसलिए संगीत को हर व्यक्ति के जीवन का हिस्सा होना चाहिए। इसके बाद उन्होंने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत “नीले-नीले अंबर पर चांद जब आए” प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। वहीं हेमलता शर्मा ने संदीप शर्मा के साथ “हाल कैसा है जनाब का” युगल गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।

संगीतमय संध्या में रश्मि चौबे, एन.के. त्रिपाठी, सरोज सोनी, संदीप शर्मा, चिंतन ओट्टालवार, पी.के. दत्ता, बसंत राणा, जयंत चंद्रा, मनोज अग्रवाल, सुनील रंजन साहू, ओमप्रकाश रात्रे, चित्रलेखा राव, शैलेश चौधरी, नवीन शर्मा, सुनील मानिकपुरी, प्रिया महंत, जितेंद्र बघेले, लेखराम पटेल, संजीव राय एवं शैलेश गुप्ता सहित अनेक कलाकारों ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

पूरे आयोजन के दौरान साहित्य भवन संगीत प्रेमियों से खचाखच भरा रहा। देर रात तक श्रोता सुरों की इस अविस्मरणीय संध्या का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों ने सामूहिक रूप से “ये शाम मस्तानी, मदहोश किए जाए” गीत प्रस्तुत कर माहौल को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर सभी अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन सरगम म्यूजिकल ग्रुप के डायरेक्टर संदीप शर्मा ने किया, जबकि ज्योति शर्मा ने आभार प्रदर्शन किया।

Related Articles

Back to top button