Chhattisgarh

38 दिन बाद भी लागू नहीं हो सका जिला पंचायत सीईओ का आदेश, सचिव को अब तक नहीं मिला प्रभार

कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी किया गया तत्काल प्रभावशील आदेश 38 दिन बीत जाने के बाद भी धरातल पर लागू नहीं हो सका है। एक माह से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद संबंधित पंचायत सचिव को अब तक प्रभार नहीं मिल पाया है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

गौरतलब है कि 12 दिसंबर 2025 को जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से ग्राम पंचायतों के सुचारू संचालन हेतु आदेश जारी किया था। यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्रालय, रायपुर के पत्र क्रमांक 3640/(A)/पं.ग्रा.वि./2022 दिनांक 29.08.2008 द्वारा जारी निर्देशिका की कंडिका (8) के तहत तथा जनपद पंचायत कोरबा से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर पारित किया गया था।

आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत बरीडीह के सचिव संत कुमार राजवाड़े को अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यंत ग्राम पंचायत कटबितला का अतिरिक्त प्रभार सौंपा जाना था। किंतु आदेश जारी होने के 38 दिन बाद भी सचिव राजवाड़े को प्रभार नहीं दिया गया है।

यह स्थिति और भी चिंताजनक है कि इस पूरे मामले की जानकारी जनपद पंचायत के सीईओ को भी है, इसके बावजूद वे अब तक आदेश का पालन सुनिश्चित नहीं करा सके हैं। आदेश के क्रियान्वयन में हो रही देरी को लेकर कोरबा जनपद पंचायत के प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जनपद स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि जब जिला पंचायत सीईओ का स्पष्ट आदेश मौजूद है, तो फिर सचिव को प्रभार सौंपने में अड़चन क्यों आ रही है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। आदेश की अवहेलना से न केवल प्रशासनिक अनुशासन पर प्रश्नचिह्न लग रहा है, बल्कि पंचायत स्तर के कार्य भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button