कटघोरा में प्रयागराज के युवक की संदिग्ध मौत, खुद को पत्नी बताने वाली महिला लापता; परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग

कोरबा,15 जुलाई 2026। कोरबा जिले के कटघोरा में प्रयागराज निवासी 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जहर सेवन की हालत में अस्पताल लाए गए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद खुद को मृतक की पत्नी बताने वाली एक महिला अस्पताल से अचानक गायब हो गई, जबकि मृतक का मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद नहीं होने से मामला और रहस्यमय हो गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज निवासी अभिषेक कुमार गौड़ (22) पिछले करीब दो वर्षों से बिलासपुर स्थित एक शीशा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। मंगलवार दोपहर उसे गंभीर हालत में कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलने के बाद एक महिला अस्पताल पहुंची और स्वयं को अभिषेक की पत्नी बताते हुए उनके दो बच्चों के होने का दावा किया। पुलिस ने महिला से प्रारंभिक पूछताछ की, लेकिन कुछ देर बाद वह अस्पताल से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। महिला के अचानक गायब हो जाने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने मृतक की जेब से मिले एक कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर प्रयागराज में रहने वाले उसके पिता नीरज कुमार गौड़ को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन कटघोरा पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अभिषेक ने शादी होने की जानकारी दी थी, लेकिन परिवार को उसकी पत्नी और पारिवारिक जीवन के बारे में अधिक जानकारी नहीं थी।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से केवल 401 रुपये नकद और कुछ कागजात मिले। उसका मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता और अन्य परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अभिषेक के जहर सेवन के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और खुद को पत्नी बताने वाली महिला कौन थी, इसकी विस्तृत जांच की जानी चाहिए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।




