‘ऑपरेशन आघात’ में बड़ी सफलता: उड़ीसा से 29 किलो गांजा तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, 17.65 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 02 मार्च। रायगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से कार में गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 29 किलो गांजा, एक मारुति सुजुकी रिट्ज कार और दो मोबाइल फोन समेत कुल 17 लाख 65 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लैलूंगा और साइबर थाना की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि पत्थलगांव क्षेत्र से जुड़े कुछ लोग उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ होते हुए अन्य राज्यों में सप्लाई करते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने 1 मार्च 2026 को पाकरगांव (लैलूंगा) के अटल चौक के पास घेराबंदी की।
शाम करीब 6 बजे चॉकलेट रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज कार क्रमांक CG-13-UG-9683 संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का संकेत देने पर आरोपी कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर पकड़ लिया। कार में सवार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद (34) निवासी कमरगा थाना लैलूंगा और महेन्द्र प्रसाद चौहान (40) निवासी गमेकेला थाना लैलूंगा बताया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी से इंकार किया, लेकिन पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार के दरवाजों और बैक लाइट में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने फिल्म Pushpa: The Rise की तर्ज पर वाहन को मॉडिफाई कर रखा था, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके।
पुलिस ने श्रवण कुमार निषाद के कब्जे से 19.033 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 9.50 लाख रुपये) और महेन्द्र प्रसाद चौहान के कब्जे से 10.082 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) जब्त किया। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार (कीमत करीब 3 लाख रुपये) और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्ती 17.65 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामकुमार कुजूर निवासी महेशपुर थाना पत्थलगांव जिला जशपुर ने उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के लिए प्रति 10 किलो पर 10 हजार रुपये देने का लालच दिया था। दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर उसे रामकुमार कुजूर तक पहुंचाने जा रहे थे। मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 69/2026 के तहत धारा 20(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई राजेश दर्शन सहित साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त सप्लायर, तस्कर और नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




