Chhattisgarh

ऐतिहासिक नगरी कुँवरगढ़ के गौरवशाली इतिहास का होगा पुनरुद्धार; 31 मार्च से शुरू होगा तीन दिवसीय ‘कुँवरगढ़ महोत्सव’…सजेगी कला और संस्कृति की महफ़िल

धरसीवां, 30 मार्च 2026। ऐतिहासिक नगरी कुँवरगढ़ के गौरवशाली इतिहास को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 31 मार्च से 2 अप्रैल तक तीन दिवसीय ‘कुँवरगढ़ महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन क्षेत्रीय विधायक श्री अनुज शर्मा की पहल पर पहली बार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

महोत्सव का विधिवत शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य कुँवरगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और उसे जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।

तीन दिवसीय इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ के लगभग 15 प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के दौरान लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का संगम देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को राज्य की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू कराएगा।

महोत्सव स्थल पर एक विशाल सामान्य मेला और व्यापार मेला भी आयोजित किया जाएगा। इससे स्थानीय व्यापारियों और स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय का अवसर मिलेगा, वहीं आमजन को मनोरंजन के साथ खरीदारी का भी आनंद मिलेगा।

कुँवरगढ़ क्षेत्र के लोगों ने इस आयोजन को लेकर खुशी जताई है। उनका कहना है कि वर्षों से उपेक्षित रहे ऐतिहासिक गौरव को इस महोत्सव के माध्यम से नया मंच मिलेगा, जिससे न केवल सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

विधायक श्री अनुज शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस महोत्सव में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएं और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ें।

Related Articles

Back to top button