Chhattisgarh

एसईसीएल (SECL) में तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान का समापन, ई-आवास पोर्टल लॉन्च

कोरबा, 16 नवंबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में तीन माह तक संचालित निवारक सतर्कता अभियान का सोमवार को समापन हुआ। इस अवसर पर कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने ऑनलाइन ई-आवास पोर्टल का शुभारंभ किया। इस डिजिटल पहल से एसईसीएल में कर्मचारियों के लिए आवास आवंटन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल, निष्पक्ष और समयबद्ध होने की उम्मीद है।

एसईसीएल में यह निवारक सतर्कता अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक संचालित किया गया। पोर्टल का लोकार्पण निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

ई-आवास पोर्टल का विकास सतर्कता विभाग की पहल पर मानव संसाधन विभाग और सिस्टम विभाग के संयुक्त प्रयासों से किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से कर्मचारियों को आवास से संबंधित सेवाएं एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। इसका उद्देश्य आवास आवंटन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप को कम करना और पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।

पोर्टल में ऑनलाइन आवेदन एवं आवेदन की स्थिति की ट्रैकिंग, एचआर/एसएपी आधारित सत्यापन, स्वचालित वरिष्ठता सूची तैयार करने तथा निर्धारित नियमों के अनुसार आवास आवंटन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा आरक्षण एवं विशेष प्रावधानों का अनुपालन, डिजिटल आवंटन आदेश जारी करना, आवासों की वास्तविक समय में उपलब्धता की जानकारी, आवास परिवर्तन और पारस्परिक विनिमय की सुविधा भी मिलेगी। सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट ट्रेल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड भी उपलब्ध रहेगा।

इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने पोर्टल के निर्माण में योगदान देने वाली सतर्कता, मानव संसाधन और सिस्टम विभाग की टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों को बेहतर, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई डिजिटल व्यवस्था से आवास प्रबंधन अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनेगा।

दुहन ने कहा कि निवारक सतर्कता अभियान के दौरान प्राप्त अनुभवों और अपनाई गई बेहतर कार्यप्रणालियों को अभियान की समाप्ति के बाद भी दैनिक कार्य संस्कृति में शामिल किया जाना चाहिए। संगठन के प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, सतर्कता और सत्यनिष्ठा को मजबूत करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। ई-आवास पोर्टल का शुभारंभ एसईसीएल में डिजिटल गवर्नेंस और कर्मचारी-केंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button