Chhattisgarh

एलसीआईटी कॉलेज में ‘वेनिस कार्निवल’ का भव्य आयोजन, आईजी गर्ग ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

बिलासपुर। एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस में कला एवं मानविकी विभाग द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘वेनिस कार्निवल–द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन किया गया। कॉलेज के सेमिनार हॉल में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राज्यगीत प्रस्तुत किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से आईजी गर्ग का श्रीफल, पौधा, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन, ट्रस्टी, उपकार, अभिनव, पटनायक, त्यागी एवं मनीष सिन्हा सहित एनसीसी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में कला एवं मानविकी विषयों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, भाषा और अर्थशास्त्र जैसे विषय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाओं सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए आत्म-विकास, अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि दूसरों से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय स्वयं को लगातार बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। ज्ञान बांटने से बढ़ता है, इसलिए विद्यार्थियों को एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी विद्यार्थी की पहचान केवल उसकी अंकसूची से नहीं होती, बल्कि उसका चरित्र, अनुशासन और सही प्रश्न पूछने की क्षमता भी उसके व्यक्तित्व को परिभाषित करती है। उन्होंने कठिन परिश्रम के साथ स्मार्ट वर्क, एकाग्रता और सही रणनीति को सफलता के लिए आवश्यक बताया।

आईजी गर्ग ने यातायात सुरक्षा के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने शोध के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि रिसर्च केवल विज्ञान के क्षेत्र तक सीमित नहीं है। समाजशास्त्र के विद्यार्थी नशे और ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रभावों का अध्ययन कर सरकार को प्रभावी नीति निर्माण में सहयोग दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए प्रेरणादायक फिल्मों एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी।

समारोह के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने एनसीसी के छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया।

समापन अवसर पर एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और नवागत विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button