एक पेड़ मां के नाम अभियान: CSEB चौक से शारदा विहार तक हुआ सघन वृक्षारोपण, हरित कोरबा के संकल्प को मिली नई मजबूती

कोरबा, 25 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत शनिवार को CSEB चौक से शारदा विहार तक मुख्य मार्ग पर सघन वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर निगम के लेखाधिकारी भवकांत नायक और उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर सहित निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाए। सभी ने हरित कोरबा के लक्ष्य को पूरा करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना ही अभियान की वास्तविक सफलता होगी।
जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा यह अभियान कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक बनाना है।
गौरतलब है कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत 18 जुलाई को घंटाघर ओपन थिएटर मैदान में आयोजित “रन फॉर ग्रीन” कार्यक्रम से हुई थी। इस अभियान के तहत लगातार 60 दिनों तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान के आठवें दिन CSEB चौक से शारदा विहार तक के प्रमुख मार्ग को हरियाली से समृद्ध बनाने की दिशा में यह विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
नगर निगम ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। निगम का मानना है कि जनसहभागिता के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता। इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार पौधरोपण किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।




