ई-ऑफिस को और प्रभावी बनाने एक माह का प्रशिक्षण अभियान शुरू, 500 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

रायपुर, 2 जुलाई। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन और शत-प्रतिशत उपयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक माह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार से शुरू हुआ। पहले दिन आयोजित ऑनलाइन प्रशिक्षण में 500 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर ई-ऑफिस की कार्यप्रणाली और विभिन्न मॉड्यूल की जानकारी प्राप्त की।
पावर कंपनी प्रबंधन के अनुसार अप्रैल 2026 से सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली का औपचारिक संचालन शुरू किया जा चुका है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन और कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए 2 जुलाई से 30 जुलाई तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का संचालन कार्यपालक निदेशक (ऊर्जा सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र) कार्यालय द्वारा किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रथम पाली में प्रारंभिक स्तर तथा द्वितीय पाली में जागरूकता एवं मध्यवर्ती स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें मुख्यालय और सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ आवक-जावक शाखा के कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान ई-फाइल का निर्माण एवं संचालन, पत्राचार का डिजिटल निष्पादन, दस्तावेजों का ऑनलाइन प्रबंधन, फाइल ट्रैकिंग तथा ई-ऑफिस के अन्य महत्वपूर्ण मॉड्यूल के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जा रही है। सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण में शामिल हो रहे हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जुलाई माह के प्रत्येक गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। पावर कंपनी प्रबंधन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने का आग्रह किया है।
प्रबंधन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों को पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी, दक्ष और पेपरलेस बनाना है। ई-ऑफिस प्रणाली के व्यापक उपयोग से कार्य निष्पादन में तेजी आएगी, अभिलेखों का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित होगा तथा शासन की डिजिटल इंडिया पहल को और अधिक मजबूती मिलेगी।




