इंस्टाग्राम पर नाबालिग से दोस्ती, शादी का झांसा देकर अनाचार का आरोप; इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 01 अक्टूबर। जिले में नाबालिग के अपहरण के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से दोस्ती की थी। इसके बाद बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और उसे मिलने के लिए इंदौर बुलाया गया। आरोप है कि वहां शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ अनाचार किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले में नाबालिग के अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने की रिपोर्ट थाना अकलतरा में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से पवन मुजल्दे निवासी पुनासा, जिला खंडवा, मध्यप्रदेश से हुई थी। दोनों के बीच सोशल मीडिया के जरिए बातचीत होती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 28 जुलाई 2026 को नाबालिग को इंदौर मिलने के लिए बुलाया था। वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किए जाने की जानकारी सामने आई।
मामले की जांच में पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों का इस्तेमाल करते हुए आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने की जानकारी जुटाई। इसके बाद कोटमीसोनार पुलिस की टीम ने इंदौर पहुंचकर आरोपी पवन मुजल्दे को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद जटवार, प्रधान आरक्षक तरीकेश पाण्डेय, आरक्षक शुभम एक्का, हेमंत साहू और महिला आरक्षक रुक्मणी कंवर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




