Chhattisgarh

इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और सरदार पटेल की जयंती पर जयसिंह अग्रवाल सहित कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

दिल्ली। देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की 42वीं पुण्यतिथि एवं भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर सहित प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के आह्वान पर आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महाअभियान के तहत प्रस्तावित विशाल महारैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता दिल्ली पहुंचे हुए हैं। इसी दौरान आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। नेताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।

वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कांग्रेस नेताओं ने देश के राष्ट्रीय एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और मजबूत भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया। उनकी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र प्रताप जायसवाल, जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, पार्षद रवि चंदेल, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता अमर दास, हरविंदर सिंह सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान राष्ट्रीय नेताओं के आदर्शों, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button