Chhattisgarh

अपने सामर्थ्य की पहचान कर खुद को परिश्रम के लिए झौंक दें, मनचाहा लक्ष्य पाने से आपको कोई नहीं रोक सकेगा: डाॅ प्रशांत

0 कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में छात्र-छात्राओं के लिए कॅरियर गाइडेंस की कार्यशाला आयोजित

कोरबा। उज्ज्वल भविष्य को लेकर मनन-चिंतन का दायित्व अपने माता-पिता और इस महाविद्यालय के शिक्षकों पर छोड़ दें। आप सभी युवा केवल अपनी काबीलियत को निखारने और वर्तमान के अनुरूप खुद को विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करें। मैं पूर्ण विश्वास से कह सकता हूं कि अगर आप निष्ठापूर्वक अपने सामथ्र्य की पहचान कर स्वयं को परिश्रम के लिए समर्पित कर देते हैं, तो मनचाहा लक्ष्य पाने से आपको कोई नहीं रोक सकता।

यह प्रेरक बातें मंगलवार को कमला नेहरू महाविद्यालय कोरबा में कॅरियर गाइडेंस पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने कहीं। महाविद्यालय के कॅरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा जेसीसी एजुकेशन सर्विसेज के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भविष्य में रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सही कॅरियर चुनने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता रहे जेसीसी एजुकेशन सर्विसेज के डायरेक्टर जितेंद्र द्विवेदी ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री हासिल करना काफी नहीं है, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान और कौशल का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने वर्तमान समय में उभरते हुए नए कॅरियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के तरीकों और साक्षात्कार में स्वयं को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के टिप्स दिए। अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करने के साथ ही विद्यार्थियों द्वारा कॅरियर को लेकर पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में कॅरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल प्रभारी एवं कंप्यूटर विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष अनिल राठौर ने विषय विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राध्यापकगण, छात्र छात्राएं, विषय विशेषज्ञ एवं हैदराबाद से आए काउंसलर अर्जुन बाथिनी व उनकी टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button