अनुशासन और निरंतर प्रयास से मिलती है सफलता: डॉ. बोपापुरकर

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत बी प्रमाण पत्र परीक्षा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन के साथ निरंतर प्रयास और साधना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अनुशासन व्यक्ति के व्यवहार को परिष्कृत कर उसे एक बेहतर नागरिक और सशक्त व्यक्तित्व के रूप में विकसित करता है, जिससे समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
कार्यक्रम में बाह्य परीक्षक के रूप में स्व. प्यारेलाल कंवर शासकीय महाविद्यालय, भैसमा के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी राजू सिंह कंवर उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को एनएसएस की भावना के अनुरूप समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक वाय. के. तिवारी ने भी स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सकारात्मक कार्यों में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र कार्यक्रम अधिकारी जी.एम. उपाध्याय तथा छात्रा कार्यक्रम अधिकारी सुश्री प्रीति महंत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही वरिष्ठ स्वयंसेवक सरिता चौहान, मोनिका कंवर सहित अन्य स्वयंसेवकों का भी विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर आयोजित लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में सुखनंदन सोनकर, कुलरंजन दास महंत, नेहा तिवारी, सुनालिया महंत सहित 20 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।




